खैरागढ़-राजनांदगांव मार्ग पर पेंड्रीकला गांव में दर्दनाक हादसा: बाइक और कार की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल,अस्पताल रिफर
पेंड्रीकला: खैरागढ़-राजनांदगांव मार्ग पर पेंड्रीकला मुरूम खदान के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कसारी निवासी शिव यादव पिता रतनु यादव व रामचरण यादव पिता भागवत यादव अपनी होंडा शाइन बाइक CG 04 DY 9330 से ग्राम दपका काम पर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक KUV कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवकों के दाहिने पैर की हड्डियां टूट गईं और वे सड़क पर तड़पने लगे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार और बेहतर इलाज के लिए तत्काल खैरागढ़ सिविल अस्पताल भेजा। वही दूसरी ओर डिलीवरी मरीज को लेकर राजनंदगांव जा रही थी कार,चालक चैतन्य वर्मा तेंदूभाटा निवासी ने बताया कि वे कार में एक गर्भवती महिला को डिलीवरी के लिए राजनांदगांव ले जा रहे थे। इसी दौरान पेंड्रीकला के पास सामने से आ रही बाइक अचानक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का सामने का टायर पूरी तरह डैमेज हो गया। वहीं बाइक सवार युवकों ने बताया कि काम कसारी के रहने वाले हैं और काम करने के लिए ग्राम दपका जाने के लिए निकले थे इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे के बाद जब लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण से जुड़े लोगों से बात करने पर पता चला कि सड़क निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया है। मार्ग के एक तरफ डामरीकरण हो चुका है, जबकि दूसरी तरफ केवल गिट्टी बिछाकर छोड़ दी गई है। दूसरी तरफ गिट्टी बिखरी होने के कारण दोनों ओर के वाहन चालक एक ही तरफ की पक्की सड़क का उपयोग करते हैं। एक ही लेन से दोनों तरफ की आवाजाही होने के कारण आए दिन इस मार्ग पर आमने-सामने की भिड़ंत और दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।




















.jpg)


















