व्हाट्सऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा चलाने वाला युवक गिरफ्तार, मोबाइल व 69 स्क्रीनशॉट जब्त
जिला केसीजी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सऐप के माध्यम से सट्टा-पट्टी का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि टिकरीपारा निवासी एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन जुआ-सट्टा खेल रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में छुईखदान पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर दबिश दी और घेराबंदी कर उसे पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागेश मोहबे उर्फ अरुण मोहबे (20 वर्ष),निवासी वार्ड नंबर 13, टिकरीपारा,छुईखदान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पुराना एंड्रॉयड मोबाइल फोन (रेडमी 9 आई, अनुमानित कीमत ₹3000) बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में सट्टा-पट्टी से जुड़े लेन-देन के 69 व्हाट्सऐप स्क्रीनशॉट पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 एवं 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल केसीजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ और सट्टा जैसे सामाजिक अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें